

रिपोर्ट। ललित जोशी

स्थान- नैनीताल

नैनीताल, 10 अप्रैल।
सरोवर नगरी नैनीताल में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश के चलते शहर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मौसम विभाग की भविष्यवाणी इस बार पूरी तरह सटीक साबित हुई।


सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे और शाम होते-होते तेज गर्जना के साथ ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई। अचानक आई इस भीषण बारिश और ओलों के कारण स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों ही सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए।


बारिश की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शहर के अधिकांश नाले बंद हो गए, जिससे सड़कों पर पानी जमा हो गया और वह तालाब का रूप लेने लगे। बहता पानी सारा कचरा झील में ले गया, जिससे नैनी झील की स्वच्छता पर भी खतरा मंडराने लगा है।
तेज बारिश के चलते बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे आमजन को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण ठिठुरन भी बढ़ गई है और लोग गरम कपड़ों में लौट आए हैं।


स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई राहत या सफाई कार्य शुरू नहीं हो सका है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों में और भी खराब मौसम की आशंका जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


बारिश के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को दुकानों, शेड और होटलों में शरण लेते हुए देखा गया। कई लोगों ने कहा कि प्रशासन को झील और नालों की साफ-सफाई पर पहले से ध्यान देना चाहिए था, ताकि इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।


