

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट


लोहाघाट क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं प्राचीन जल स्रोत अक्कल धारा की बिगड़ती स्थिति को लेकर लोहाघाट पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने गंभीर संज्ञान लेते हुए बुधवार को एक बृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, पर्यावरण मित्रों और वार्ड सभासदों की सहभागिता रही।


जानकारी के अनुसार, चंपावत-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित अक्कल धारा में स्थानीय लोगों और नशेड़ियों द्वारा काफी गंदगी फैलाई गई थी। वहीं एनएच विभाग द्वारा नालियों की सफाई न करने के चलते जल स्रोत के चारों ओर कचरे का अंबार लग गया था। क्षेत्र में शराब और प्लास्टिक की खाली बोतलों के साथ-साथ अन्य कचरा बिखरा पड़ा था, जिससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा था बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन गया था।


अभियान के तहत पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने स्वयं झाड़ू और फावड़ा उठाकर सफाई कार्य में भाग लिया। बंद नालियों से कचरा हटाया गया और दवाओं का छिड़काव कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। इस दौरान एक वाहन भरकर कूड़े का निस्तारण भी किया गया।

पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि अक्कल धारा एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है, जहां से स्थानीय लोग, यात्री और पर्यटक पानी पीते हैं और भरते हैं। इस स्थान की सफाई और संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस स्थल की स्वच्छता बनाए रखें और नशा न करें।

वहीं अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने भी लोहाघाट क्षेत्र की जनता एवं पर्यटकों से अपील की कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ रखें और इन स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें।

पालिका अध्यक्ष ने मौके से ही एनएच के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि बंद नालियों को जल्द से जल्द खोला जाए, ताकि जल स्रोत में गंदगी न पहुंचे। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नशे पर रोक लगाने की मांग भी की।

इस अभियान में सभासद आशीष राय, पालिका कर्मी प्रमोद महर, पर्यावरण मित्र संजय कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि यह क्षेत्र पालिका के अधीन नहीं होने के बावजूद उन्होंने जो कार्य किया है, वह अनुकरणीय है।


