बाबा साहेब अंबेडकर को समर्पित बाइक रैली का तिकोनिया चौराहे पर भव्य स्वागत

बाबा साहेब अंबेडकर को समर्पित बाइक रैली का तिकोनिया चौराहे पर भव्य स्वागत

रिपोर्टर पंकज सक्सेना
फील्ड हल्द्वानी

आज हल्द्वानी में संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की स्मृति में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली ऊँचापुल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई जोगनिया पहुंची, जहां स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया।

तिकोनिया चौराहे पर भी रैली के आगमन पर लोगों ने बाबा साहेब के जयकारों और फूलों की वर्षा के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद राधा आर्य ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और रैली में शामिल समर्थकों का उत्साहवर्धन किया।

राधा आर्य ने अपने संबोधन में कहा, “आज भी दलित समाज को समाज में गलत दृष्टिकोण से देखा जाता है, जबकि यही समाज बाबा साहेब अंबेडकर की प्रेरणा से संविधान निर्माण से लेकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आज की रैली का उद्देश्य दलित समाज को एकजुट करना और उन्हें बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है।”

बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवक, सामाजिक कार्यकर्ता और बाबा साहेब के अनुयायी शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान संविधान, समानता और सामाजिक न्याय जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।

समाज के लोगों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को इतिहास की जानकारी तो मिलती ही है, साथ ही उनमें सामाजिक एकता और जागरूकता भी पैदा होती है।