हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर कांग्रेस का विरोध मार्च, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर कांग्रेस का विरोध मार्च, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नाबालिग बालिका से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एबीवीपी से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी और भाजपा से जुड़े तीन अन्य कार्यकर्ताओं पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर महानगर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य में महिला अपराधों की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि हल्द्वानी के मामले में बिना किसी राजनीतिक दबाव के जांच कराई जाए और दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में नाबालिग बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में भाजपा और एबीवीपी से जुड़े व्यक्तियों पर आरोप लगना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली प्रदेश सरकार अपनी जवाबदेही से बच रही है। विधायक ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि किसी भी आरोपी को राजनीतिक संबंधों के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। कानून सभी के लिए समान है और किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो, पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उनकी पहचान और गरिमा की पूरी तरह रक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है तथा न्याय सुनिश्चित कराने के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।

उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ सामने आ रही आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा के दावों के बावजूद सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। रौतेला ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया और न्याय की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में प्रभावशाली व्यक्तियों को किसी भी तरह का संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।

राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस ने सात प्रमुख मांगें रखीं। इनमें हल्द्वानी के मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध गंभीर अपराधों में दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई, महिला सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग शामिल रही। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन और महिला थानों को प्रभावी बनाने, लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और पीड़िताओं एवं उनके परिवारों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में हेमंत बगड़वाल, हरीश पनेरू, मलय बिष्ट, गिरीश पांडे, दीप पाठक, प्रकाश पांडे, एनबी गुणवंत, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, हिमांशु जोशी, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, जीवन कार्की, पार्षद नीमा भट्ट, जया कर्नाटक, विमला सांगुड़ी, खष्टी बिष्ट, निर्मला जोशी, राजो टंडन, भगवती जोशी, शकुंतला देवी, सीमा भटनागर, पुष्पा सम्मल, मंजू दानू, जाकिर हुसैन, किरन माहरा, मोहन बिष्ट, ज्ञान सिंह थापा, महेश कांडपाल, दिग्विजय सिंह चौहान, गौरव बलुटिया, राजेंद्र बिष्ट, महेशानंद, मनोज भट्ट, नितिन भट्ट, अमित रावत, पवन गुप्ता, प्रदीप बिष्ट, लाल सिंह पवार, योगेश कबड़वाल, शैलेंद्र दानू, राजा राणा, उदित करायत और मयंक गोस्वामी सहित कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।