
स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट


बाराकोट (चंपावत)। चैत्र अष्टमी पर्व के अवसर पर शनिवार को बाराकोट ब्लॉक के बापरू और बंतोली गांवों से मां भगवती की भव्य रथ यात्राएं निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली इन रथ यात्राओं में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


सुबह पूजा-अर्चना के बाद दोपहर को मां भगवती अपने रथ पर सवार होकर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए दोनों गांवों से निकलीं। दुर्गम रास्तों से होती हुई रथ यात्रा मां भगवती मंदिर तक पहुंची, जहां दोनों गांवों के रथों ने मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


बापरू गांव की रथ यात्रा में मां भगवती के रूप में बसंती देवी महर और बंतोली की यात्रा में गीता फर्त्याल मां भगवती के स्वरूप में रथ पर सवार रहीं। देव डांगर की भूमिका में महेश फर्त्याल शामिल हुए। मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन भी किया गया, जहां लोगों ने खरीदारी कर मेले का आनंद उठाया।


मां भगवती सेवा समिति के कोषाध्यक्ष और क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह फर्त्याल ने बताया कि यह अष्टमी मेला वर्षों से आस्था और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए दोनों गांवों की जनता का आभार जताया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता बहादुर फर्त्याल, क्षेत्र प्रमुख एवं प्रशासक विनीता फर्त्याल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


