

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


लालकुआँ। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआँ कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 नशीले इंजेक्शन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।


कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल और एसओजी प्रभारी संजीत राठौड़ के नेतृत्व में सुभाष नगर बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। टीम ने उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस संख्या UP 25 FT 4177 से यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति मोहम्मद अकरम हुसैन को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके थैले से 200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।


पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने ये इंजेक्शन बरेली के बहेड़ी क्षेत्र से रिहान और मुस्तफा नामक व्यक्तियों से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


