देवलीखेत में शराब की दुकान खोलने और अवैध शराब की बिक्री के विरोध में जनाक्रोश बढ़ा, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी आंदोलन को समर्थन दिया

देवलीखेत में शराब की दुकान खोलने और अवैध शराब की बिक्री के विरोध में जनाक्रोश बढ़ा, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी आंदोलन को समर्थन दिया

रानीखेत

ताड़ीखेत विकासखण्ड के अंतर्गत देवलीखेत में शराब की दुकान खोलने और अवैध शराब की बिक्री को लेकर जनाक्रोश निरंतर बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।

देवलीखेत में बिनसर महादेव धाम के निकट शराब की दुकान का ठेका हो जाने के बाद ग्रामीणों का ग़ुस्सा सातवें आसमान पर है। बुधवार को उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी भी आंदोलन के समर्थन में खड़े हुए। देवलीखेत पहुंचे पी सी तिवारी ने कहा कि “सौनी, देवलीखेत, जाली खान और अल्मोड़ा की जनता ने पानी मांगा था, सरकार उन्हें शराब दे रही है। सरकार पहाड़ को नशे के दलदल में धकेलने का काम कर रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक ओर नशे के खिलाफ अभियान का दिखावा करती है, वहीं दूसरी ओर शराब के ठेके गांव-गांव खुद खोलने में लगी है

शराब की दुकान खोले जाने को लेकर ग्रामीण महिलाओं में विशेष आक्रोश देखा गया। बीते दिन महिलाओं ने जुलूस भी निकाला। देवलीखेत धरना प्रदर्शन में हिमांशु आर्या, सुशीला, हिमानी, तुलसी, पिंकी, भागुली देवी, भगवती भट्ट, शकुंतला, कमला, लक्ष्मी बिष्ट, कविता गोसाईं, हेमा, सरिता, दीपा नंदी देवी आदि ने भाग लिया।

दूसरी ओर, सौनी देवलीखेत में शराब की दुकान खोलने और अवैध शराब की बिक्री के विरोध में कृषक कृषि बागवानी और उद्यमी संगठन के महासचिव दीपक करगेती की अगुवाई में क्रमिक अनशन बुधवार को भी जारी रहा। अनशन स्थल पर धरनार्थियों में प्रकाश चन्द्र पंत, प्रकाश पडलिया, राजेंद्र पडलिया, निकेश सती, विपिन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।