हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था सुधारने को पुलिस का बड़ा अभियान, तीन वोल्वो बसें सीज, 73 वाहनों के चालान

हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था सुधारने को पुलिस का बड़ा अभियान, तीन वोल्वो बसें सीज, 73 वाहनों के चालान

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी में यातायात पुलिस और सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन वोल्वो बसों को सीज किया गया, जबकि 73 वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को भी हटवाया गया।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बीते दिवस आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारियों, सीपीयू और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण तथा यातायात निरीक्षक हल्द्वानी भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न व्यस्त एवं संवेदनशील मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को अलग-अलग स्थानों पर सीज किया गया। वहीं, ओवरलोडिंग, यातायात नियमों की अनदेखी और यातायात बाधित करने के मामलों में कुल 73 वाहनों के चालान कर कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाया गया। इनकी वजह से पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता, व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

एसएसपी के सख्त निर्देशों के बाद हुई इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों और सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।