
स्थान : कर्णप्रयाग (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र के ग्राम सेमी में महज 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बकाया रकम को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने साथी पर बांस के डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पानी की टंकी के पास घायल अवस्था में मिला युवक



पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच झगड़े और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सुमित कुमार (28) पुत्र सौनाथ, निवासी कलापुर बुजुर्ग, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बह चुका था।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया


मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने सुमित पर डंडे से हमला किया है और वारदात के बाद फरार हो गया है। पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल सुमित को तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम



मामले में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। सुरागरसी और पतारसी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अभियोग दर्ज किया गया।
10 हजार रुपये के बकाये को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15 से 20 दिनों से सुमित कुमार के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। आरोपी के अनुसार, सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सुमित को सबक सिखाने की योजना बनाई और 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद ग्राम सेमी स्थित उसके डेरे पर पहुंच गया।
डंडे से सिर पर किए कई वार, बीच-बचाव करने वाले को धमकाया
पुलिस के अनुसार, डेरे पर पहुंचने के बाद आरोपी ने सुमित से झगड़ा शुरू कर दिया। सुमित ने उसे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। पुलिस का कहना है कि सुमित के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुमित की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी अशोक कुमार को भी आरोपी ने धमकी दी, जिसके बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद अशोक ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 को सूचना दी।
निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो डंडे बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास ग्राम सेमी से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो बांस के डंडे बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार (28) पुत्र हयात राम, निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार, पोस्ट ऑफिस चेपड़ो, थाना थराली, जिला चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद 16 अक्टूबर 2026 को आरोपी को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।
10 सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, जय सिंह राणा और वीरपाल नेगी सहित हेड कांस्टेबल प्रकाश कंडवाल, राकेश पोखरियाल, सतीश गुसाईं, दर्शन तथा कांस्टेबल संतोष चौहान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ हत्या में प्रयुक्त डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

