
स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित पोषण एवं जागरूकता अभियान के तहत हल्दूचौड़ मंडल ने निर्धारित समयसीमा से पहले सभी कार्यक्रम संपन्न कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हल्दूचौड़ महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कंचन भट्ट ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि मंडल की सभी 54 आंगनबाड़ियों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।

कंचन भट्ट ने बताया कि पोषण एवं जागरूकता अभियान के लिए 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक की समयसीमा निर्धारित की गई थी। लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और महिला मोर्चा की टीम के सामूहिक प्रयासों से सभी 54 आंगनबाड़ियों में 6 अक्टूबर को ही कार्यक्रम संपन्न कर लिए गए।



उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना था। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण तथा बालिकाओं की शिक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए लक्ष्मी किट और खुशियों की सवारी जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए पौष्टिक आहार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया गया।



कंचन भट्ट ने कहा कि बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नंदा गौरा योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना अभियान की प्राथमिकता रही, ताकि अधिक से अधिक परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने अभियान की सफलता का श्रेय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और महिला मोर्चा की पूरी टीम को दिया। कंचन भट्ट ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास के लिए लगातार मेहनत करती हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण ही निर्धारित समय से पहले अभियान पूरा हो सका।




इस अवसर पर कंचन भट्ट ने लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री, महिला मोर्चा की टीम और आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक पूनम गोस्वामी सहित सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और बेहतर तालमेल से अभियान को सफल बनाया जा सका।
कंचन भट्ट ने कहा कि भविष्य में भी महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा को लेकर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। हल्दूचौड़ मंडल की सभी 54 आंगनबाड़ियों में समय से पहले कार्यक्रम संपन्न होना कार्यकर्ताओं की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

