लालकुआं पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई, 65.40 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

लालकुआं पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई, 65.40 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

नैनीताल जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस और नैनीताल SOG की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 218 ग्राम स्मैक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी बरेली जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान नदीम खान और शफीक के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक नदीम खान बनभूलपुरा क्षेत्र में रहकर टेलरिंग का काम करता था। आरोप है कि वह स्मैक की सप्लाई का काम भी करता था और हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थ पहुंचाता था।

दूसरा आरोपी शफीक ट्रक चालक बताया गया है। पुलिस का दावा है कि वह ट्रक चलाने की आड़ में स्मैक लाने का काम करता था, जिसे बाद में नदीम खान के जरिए सप्लाई किया जाता था।

एसपी क्राइम के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई जाती थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था।

पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। साथ ही उनके संपर्क में रहे अन्य लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नैनीताल पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।