देहरादून में मारपीट के मामले में यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में

देहरादून में मारपीट के मामले में यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और मारपीट के मामले में मशहूर यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामला हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार अनुराग डोभाल अपने तीन साथियों के साथ राज सिंह चौहान नामक व्यक्ति से मारपीट कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास चौकी लेकर पहुंची। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और अनुराग डोभाल व उनके साथी दोबारा उग्र होकर मारपीट पर उतारू हो गए।

मौके पर स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने अनुराग डोभाल सहित अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान को हिरासत में ले लिया।

एसपी सिटी देहरादून शेखर सुयाल ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर अराजकता फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने चारों को शांति भंग करने के आरोप में धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया है। इसके साथ ही मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से भी पुलिस को तहरीर दी गई है।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।