
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित समरसता संकल्प अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के चौथे चरण की यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए उत्तराखंड पहुंचेगी।


लाल सिंह आर्य ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।


उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि यात्रा के स्वागत में संत समाज, सामाजिक संगठनों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभियान को व्यापक जनसहभागिता से सफल बनाने पर जोर दिया गया।


बैठक में देहरादून महानगर, ग्रामीण, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, टिहरी और कोटद्वार क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। एससी मोर्चा के पदाधिकारी, नगर निकायों के अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

अभियान के तहत देशभर में संत गुरु रविदास के विचारों को लेकर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा ने इसे कई चरणों में संचालित करने की योजना बनाई है।



समरसता यात्रा के तहत विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए उत्तराखंड में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा का उद्देश्य समाज में समानता, सद्भाव और आपसी सम्मान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना बताया गया है।
बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर संत समाज और विभिन्न वर्गों को जोड़ने तथा यात्रा के स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों को समय से पूरा करने का आह्वान किया गया।

