जनता मिलन में पहुंचे 133 आवेदन, डीएम मनीष कुमार ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता मिलन में पहुंचे 133 आवेदन, डीएम मनीष कुमार ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।

जनता मिलन में जनपद के विभिन्न और दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

जनता मिलन में सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, सड़क और पेयजल से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर मामले का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम ढकना निवासी होशियार सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से मौके पर ही छड़ी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को होशियार सिंह के उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क और दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से संबंधित मामलों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

डीएम मनीष कुमार ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।