भतरौजखान में कार से 54 किलो से अधिक गांजा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

भतरौजखान में कार से 54 किलो से अधिक गांजा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार से 54 किलो 542 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख 63 हजार 550 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई जेनल-भिकियासैंण मार्ग स्थित चौकी तिराहा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की एक मारुति स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। कार की जांच करने पर उसमें रखे चार कट्टों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से कार सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफ्फान, अदनान और अजय चौहान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी टांडा बादली, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर होडके ने बताया कि मामले में बरामद मादक पदार्थ के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध वाहनों और नशा तस्करी से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।