
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम सभा टाना-पन्याली में लघु दुग्ध डेयरी का शुभारंभ किया गया। डेयरी का उद्घाटन पूर्व विधायक रानीखेत, उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा ने किया।

उद्घाटन कार्यक्रम में ग्राम सभा टाना-पन्याली के ग्रामीणों के साथ ग्राम सभा तस्वाड़ के ग्राम प्रधान आनंद सिंह सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने डेयरी की शुरुआत को क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया।


करन माहरा ने डेयरी की स्थापना का श्रेय क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोली नीरज सिंह मेहरा की पहल और प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए इस तरह की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।


उन्होंने कहा कि डेयरी से स्थानीय पशुपालकों को अपने दुग्ध उत्पादन के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे और गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी पहलों में सहयोग करने का आह्वान किया।


करन माहरा ने नीरज सिंह मेहरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज सिंह मेहरा ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से गांव में डेयरी की शुरुआत होना उनके लिए खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि इसका उद्घाटन करन माहरा के हाथों होना उनके लिए गौरव की बात है।




नीरज सिंह मेहरा ने कहा कि डेयरी के संचालन से स्थानीय पशुपालकों को लाभ मिलने के साथ ग्रामीण स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने भविष्य में भी ग्रामीणों के हित में ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में नीरज सिंह मेहरा ने डेयरी की स्थापना में सहयोग देने वाले ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

