
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर आबकारी विभाग का रैंडम चेकिंग अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। विभागीय टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर पहुंचकर निर्धारित मूल्य पर शराब की बिक्री की वास्तविक स्थिति की जांच की।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिजौला के निर्देशन में विभाग के कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर दुकानों पर भेजा गया। कर्मचारियों ने सामान्य ग्राहक की तरह शराब खरीदी और दुकानदारों द्वारा वसूली जा रही कीमत का मिलान निर्धारित दरों से किया।


अभियान के दौरान रोशनाबाद, सलेमपुर, जमालपुर खुर्द और भगवानपुर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित करीब 15 शराब की दुकानों की जांच की गई। टीमों ने दुकानों पर बिक्री व्यवस्था और मूल्य से संबंधित स्थिति का जायजा लिया।


आबकारी विभाग के अनुसार जांच के दौरान किसी भी शराब की दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने का मामला सामने नहीं आया। सभी जांची गई दुकानों पर शराब निर्धारित दर पर बेचे जाने की बात सामने आई।


विभाग की ओर से लगातार दूसरे दिन अचानक की गई इस कार्रवाई से जिले के शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। रैंडम चेकिंग के चलते दुकानदारों में विभागीय कार्रवाई को लेकर सतर्कता भी देखने को मिली।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिजौला ने बताया कि शराब की दुकानों से ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी के तहत बिना पूर्व सूचना के अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की जांच कराई जा रही है।



उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों से शराब की निर्धारित कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि किसी दुकान पर ओवररेटिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि रैंडम चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभागीय टीमें समय-समय पर शराब दुकानों की जांच करेंगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लाइसेंसधारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

