
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी 38 वर्ष 4 माह 27 दिन की दीर्घ एवं सराहनीय सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। 30 सितंबर को पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित विदाई समारोह में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की।

देवेंद्र सिंह नेगी ने 3 मई 1988 को जनपद सीतापुर, उत्तर प्रदेश से फायरमैन के पद पर अपनी सेवा शुरू की थी। 6 अक्टूबर 1999 को उन्हें फायर सर्विस चालक के पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद 4 सितंबर 2019 को अग्निशमन द्वितीय अधिकारी और 7 सितंबर 2025 को अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए।


अपने लंबे सेवाकाल के दौरान नेगी ने सीतापुर के अलावा अल्मोड़ा, चमोली, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, उत्तरकाशी और नैनीताल जनपद में सेवाएं दीं। विभिन्न स्थानों पर तैनाती के दौरान उन्होंने विभाग की ओर से सौंपी गई कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।


पुलिस के अनुसार देवेंद्र सिंह नेगी ने सीजन ड्यूटी, वीआईपी और वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी तथा निर्वाचन ड्यूटी सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्व पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाए। उनके कार्यों के लिए उन्हें समय-समय पर नकद पुरस्कार और उत्तम प्रविष्टियों से भी सम्मानित किया गया।


विदाई समारोह में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने नेगी की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पुलिस विभाग में सेवा देना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक पड़ाव है और अब नेगी अपने परिवार, व्यक्तिगत रुचियों तथा जीवन की नई पारी को अधिक समय दे सकेंगे।

एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल ने कहा कि देवेंद्र सिंह नेगी ने अपने पूरे सेवाकाल में जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विभागीय दायित्वों को निभाया। उनकी सेवाएं और अनुभव पुलिस परिवार के लिए प्रेरणादायी रहेंगे। उन्होंने नेगी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



क्षेत्राधिकारी नैनीताल/रामनगर अंजना नेगी ने भी उनके सेवाकाल को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण बताया। समारोह में मौजूद परिजनों और सहकर्मियों ने उनके लंबे सेवाकाल से जुड़े अनुभव और महत्वपूर्ण पलों को साझा करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम में एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल/रामनगर अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और देवेंद्र सिंह नेगी के परिजन मौजूद रहे। नैनीताल पुलिस परिवार ने उनके योगदान को याद करते हुए सेवानिवृत्त जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।

