
स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद महाविद्यालय परिसर में परिणाम घोषित किए गए।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. डॉ. सेराज मोहम्मद ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रसंघ छात्रहित में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने में सहयोग करेगा।


चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर कल्पना, उपाध्यक्ष पद पर मोहित सिंह, सह सचिव पद पर अंजलि और कोषाध्यक्ष पद पर साक्षी गड़िया निर्विरोध चुने गए। ये सभी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े हुए हैं।


सचिव पद के लिए तनुजा और प्रमिला के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना के बाद तनुजा ने 117 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि प्रमिला को 56 मत प्राप्त हुए।


विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दर्शन कुमार ने 122 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी कृष्णा को 55 मत मिले। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

छात्रसंघ चुनाव में कुल 292 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 183 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 62.67 प्रतिशत रहा।




मतगणना के दौरान 11 मत अवैध पाए गए, जबकि 5 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया और ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह नेगी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

