
स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी रोहित सिंह कुमल्टा ने जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी रोहित सिंह कुमल्टा को 1148 मत मिले, जबकि एनएसयूआई प्रत्याशी अमित बिष्ट को 854 मत प्राप्त हुए। रोहित कुमल्टा ने 294 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया।


छात्र उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भास्कर जोशी ने सुमित जोशी को महज एक मत के अंतर से हराया। बेहद कम अंतर से परिणाम आने के कारण इस पद की मतगणना को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।


छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रश्मि पांडे ने जीत दर्ज की। उन्हें 1172 मत प्राप्त हुए। वहीं सचिव पद पर भास्कर गिरी गोस्वामी निर्वाचित हुए, जबकि संयुक्त सचिव पद पर सीता चम्याल ने जीत हासिल की।



कोषाध्यक्ष पद पर निकिता मेहरा निर्वाचित हुईं। इसके अलावा अन्य पदों के परिणाम भी घोषित किए गए। मतदान और मतगणना के दौरान परिसर में प्रत्याशियों और समर्थकों की मौजूदगी के चलते दिनभर चुनावी गहमागहमी बनी रही।
उपाध्यक्ष पद पर मात्र एक वोट से हार-जीत का फैसला होने के बाद सुमित जोशी और उनके समर्थकों ने पुनर्मतगणना की मांग की। इसके बाद परिसर में कुछ देर के लिए विवाद और हंगामे की स्थिति भी बनी रही।




छात्रों की मांग के बाद उपाध्यक्ष पद के मतों की दोबारा गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में मतपत्रों की पुनर्गणना की गई, जिससे अंतिम स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया देर तक चली।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने खुशी जताई। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की निगरानी में मतगणना और पुनर्मतगणना की प्रक्रिया कराई गई। अंतिम आधिकारिक परिणाम के आधार पर आगे की कार्रवाई और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

