लोहाघाट महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का परचम, विजयी प्रत्याशियों ने निकाला विजय जुलूस

लोहाघाट महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का परचम, विजयी प्रत्याशियों ने निकाला विजय जुलूस

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के सबसे बड़े लोहाघाट महाविद्यालय में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की, जबकि एनएसयूआई को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। मतदान प्रक्रिया महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी के दिशा-निर्देश और चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी के नेतृत्व में कराई गई।

छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1:30 बजे तक चला। इसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए गए। परिणाम आते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने बताया कि इस बार कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और संकाय प्रतिनिधि के पदों पर मतदान कराया गया, जबकि अध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि समेत कुछ पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे।

कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा ने 721 मत हासिल कर सुमन भट्ट को 575 मतों के अंतर से हराया। सुमन भट्ट को 146 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मुकेश कुमार ने 699 मत प्राप्त कर शीतल विश्वकर्मा को 534 मतों से पराजित किया। शीतल को 165 मत मिले।

कला संकाय प्रतिनिधि पद पर आरती अधिकारी ने 547 मत प्राप्त कर अभिषेक सिंह धोनी को 346 मतों के अंतर से हराया। अभिषेक को 201 मत मिले। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर स्नेहा महरा ने 91 मत हासिल कर गौरव पंत को 67 मतों से मात दी। गौरव को 24 मत प्राप्त हुए।

छात्रसंघ में अध्यक्ष पद पर हिमांशु कुमार, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर आरती चौधरी, सचिव पद पर अमित चिलकोटी, संयुक्त सचिव पद पर हिमांशी बोहरा, कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा, सांस्कृतिक सचिव पद पर निखिल राय और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मुकेश कुमार निर्वाचित हुए। वहीं कला संकाय प्रतिनिधि आरती अधिकारी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि स्नेहा महरा और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि शुभम जोशी चुने गए।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीपक सिंह बोहरा, सीमा राय, यश करायत, अनुनीत ढेक, नुमान रजा और गौरव सुतेड़ी को मनोनीत सदस्य बनाया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव में जीत के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए नगर में विजय जुलूस निकाला। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न होने पर महाविद्यालय और प्रशासन ने राहत की सांस ली। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।