बाराकोट में बहुउद्देशीय शिविर, 510 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

बाराकोट में बहुउद्देशीय शिविर, 510 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत मंगलवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगदा, बाराकोट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।

शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगोली और ब्लॉक प्रमुख सीमा विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए और लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी दिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविरों का मकसद लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

शिविर में करीब 510 लाभार्थियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग ने 118, पंचायती राज विभाग ने 84, पशुपालन विभाग ने 81, उद्यान विभाग ने 74, आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग ने 53 और कृषि विभाग ने 22 लाभार्थियों को सेवाएं दीं।

इसके अलावा कौशल विकास विभाग ने 14, सहकारिता विभाग ने 10 और श्रम विभाग ने 7 लाभार्थियों को लाभान्वित किया। अन्य विभागों की ओर से भी बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देकर पात्रता के अनुसार लाभ दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुल 57 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सोलर लाइट, सुरक्षा दीवार, गौशाला, विद्यालयों में बाउंड्री, आवास, खेल मैदान, शौचालय और पेयजल से जुड़े मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

शिविर में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित हुए। “आंगन मिलन” के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण संबंधी जानकारी दी। गर्भवती प्रीति देवी की गोदभराई कर उन्हें फलों की टोकरी प्रदान की गई, जबकि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए केक काटकर एक बच्ची का जन्मदिन भी मनाया गया।