
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी गई। गोली उनके कंधे में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशाल चौहान को संभाला और उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर जांच और उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया।



जानकारी के अनुसार विशाल चौहान मंगलवार शाम पनियाला क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान एक हमलावर ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनके कंधे में लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।



गोलीकांड की कड़ी इससे पहले हुए विवाद से भी जोड़कर देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घायल विशाल चौहान की ओर से कुछ लोगों पर हमले में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। कुछ राजनीतिक-सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के नाम को लेकर भी आरोप सामने आए हैं। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है और उनका सत्यापन जांच के बाद ही होने की बात कही है।



घटना की सूचना मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े कई लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए हमलावरों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस की ओर से फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।

सीओ रुड़की ओशिन जोशी के अनुसार विशाल चौहान के कंधे पर गोली लगी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

