
स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिसौना में हुए छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी हरे कृष्ण मिस्त्री ने एनएसयूआई प्रत्याशी चन्दन सिंह को 296 मतों से हराकर जीत हासिल की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर नंदनी राना विजयी रहीं।



अन्य पदों में उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय राजपाल ने जीत दर्ज की। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर दीप्ति बैरागी और सचिव पद पर विट्टू सिंह विजयी घोषित किए गए।

चुनाव को लेकर सुबह से ही महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की भीड़ और गहमागहमी बनी रही। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस और कॉलेज प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।



मतगणना के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के परिणाम को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। शुरुआती मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी जितेंद्र सिंह धामी को 7 मतों से विजयी घोषित किया गया था।
परिणाम से असंतुष्ट प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी योगेश राणा अपने समर्थकों के साथ कॉलेज गेट पहुंचे और पुनर्मतगणना की मांग की। काफी हंगामे के बाद कॉलेज प्रशासन ने दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियां दोबारा खोलने का निर्णय लिया।




रात करीब 11 बजे के बाद दोबारा मतगणना कराई गई। पुनर्मतगणना के बाद जितेंद्र सिंह धामी को 116 मतों से विजयी घोषित किया गया। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक पहली गणना के दौरान कंप्यूटर में मतों की एंट्री में गलती हुई थी।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सामान्य मतगणना के समय जितेंद्र सिंह धामी के मतों की संख्या दर्ज करने में तकनीकी त्रुटि हुई थी। दोबारा मतपत्रों की गिनती में सही आंकड़े सामने आए, जिसके बाद उन्हें बड़े अंतर से विजयी घोषित किया गया। पुनर्मतगणना के बाद योगेश राणा को हार का सामना करना पड़ा।

