
स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर गांव में एक युवक पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से विशाल चौहान पुत्र प्रवीण कुमार घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले गांव में आयोजित मेले के दौरान विशाल चौहान का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर बाद में कुछ लोगों ने विशाल पर फायरिंग कर दी। गोली उनके कंधे में लगी।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल विशाल चौहान को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के साथ उनकी जांच की।

डॉक्टरों के अनुसार युवक के कंधे पर गोली लगी है। कंधे की विस्तृत एक्स-रे जांच और आगे के उपचार के लिए उन्हें देहरादून के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


फायरिंग की सूचना पर रुड़की पुलिस उपाधीक्षक और गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर विशाल चौहान के घायल होने और सरकारी अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और समर्थक भी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी भीड़ देखने को मिली।



घायल विशाल चौहान ने पुलिस के समक्ष कुछ लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। इस दौरान कुछ राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों के नाम भी लिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अब मेले में हुए विवाद से लेकर फायरिंग की घटना तक की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपियों की पहचान के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घायल युवक का देहरादून में उपचार कराया जा रहा है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

