
स्थान – जसपुर
रिपोर्टर – प्रदीप श्रीवास्तव

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा जसपुर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 9 अक्टूबर को हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेज सभागार में प्रस्तावित प्रांतीय सम्मेलन और मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की। सम्मेलन में प्रदेशभर से व्यापारियों के शामिल होने की तैयारी की जा रही है।

प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक स्तर पर बैठकों का दौर शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में जसपुर से पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई। उन्होंने व्यापारियों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान किया।


मिश्रा ने कहा कि व्यापारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मुख्य सचिव को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था, जिसमें से तीन मांगों के समाधान की बात संगठन की ओर से कही गई है। शेष मांगों को सम्मेलन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की प्रमुख मांगों में मंडी शुल्क को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर लागू करने समेत कई मुद्दे शामिल हैं। सम्मेलन में राज्य के संगठनात्मक जिलों और विभिन्न नगर इकाइयों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। संगठन के अनुसार प्रदेश में 19 संगठनात्मक जिलों की इकाइयां सक्रिय हैं।



प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है। संगठन की ओर से व्यापारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखकर समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
प्रकाश चंद्र मिश्रा ने जीएसटी और अन्य विभागों की जांच व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों की चिंता सामने रखी। उन्होंने कहा कि नियमित जांच प्रक्रिया पर किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन त्योहारों के दौरान चेकिंग के नाम पर व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से व्यापारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने की मांग की।




उन्होंने डिजिटल भुगतान और यूपीआई से जुड़े व्यापारिक मुद्दों का भी जिक्र किया। मिश्रा ने कहा कि यूपीआई व्यवस्था को लेकर व्यापारियों के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर सरकार से वार्ता की जाएगी और संगठन इस संबंध में स्पष्ट समाधान की मांग करेगा।
बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष निकेश अग्रवाल, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह अरोरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, सतीश नरूला, विमल अग्रवाल, महेंद्र अरोड़ा, नासिर हुसैन और अबरार हुसैन समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और 9 अक्टूबर के सम्मेलन में अधिक से अधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

