
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता मानकों की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर निगम क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभागीय टीमों ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

अभियान के दौरान नई बस्ती भीमगोड़ा स्थित फार्म श्याम फ्लोर मिल का निरीक्षण किया गया। यहां से सरसों के तेल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।


इसके बाद सिंहद्वार कनखल स्थित राधा कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी पर भी टीम पहुंची। यहां से भी सरसों के तेल का सैंपल लेकर गुणवत्ता जांच के लिए भेजा गया।


रेलवे रोड स्थित सिद्धमति इंटरप्राइजेज एलएलपी का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां से आइसक्रीम का नमूना लिया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेज दिया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों से खाद्य पदार्थों और पेयजल की जांच रिपोर्ट भी मांगी। इसके साथ ही पेस्ट कंट्रोल से संबंधित रिकॉर्ड और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्रों की भी जांच की गई।

कुछ प्रतिष्ठानों पर आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित संचालकों को धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया है।



विभाग ने ब्लिंकिट स्टोर और निर्माता कंपनी श्रीराम बेवरेजेज के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मामले में एडीएम कोर्ट में वाद दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर गंभीर आर्थिक दंड का प्रावधान है। संबंधित मामलों में दोष सिद्ध होने पर 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बाजारों और प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण तथा नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

