रांसी स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज, 3,964 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रांसी स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज, 3,964 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

खेल महाकुंभ-2026 के तहत शुक्रवार को रांसी स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ हुआ। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ ध्वजारोहण और ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और सांसद ने उन्हें ईमानदारी, निष्पक्षता तथा खेल नियमों के पालन की शपथ दिलाई।

सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसमें गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा क्षेत्रों से कुल 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिता में नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, रामनगर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

शुभारंभ के अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल महाकुंभ के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं।

सांसद ने बताया कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान चमोली की युवा एथलीट और ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से पहचान बनाने वाली मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मानसी ने राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10 हजार मीटर रेस वॉक में राष्ट्रीय कीर्तिमान भी बनाया है।

मानसी नेगी ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और बेहतर प्रदर्शन कर वे प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

वहीं खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी खेल महाकुंभ जैसी गतिविधियों को बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी बताया। उनका कहना है कि ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर से होते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलता है।

रांसी स्टेडियम में शुरू हुई सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। आने वाले दिनों में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की प्रतिभाएं अपना दमखम दिखाएंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।