
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा समेत कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके कार्यों और विचारों को स्मरण किया गया। इसके साथ ही पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।



बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कोर कमेटी की बैठक का प्रमुख विषय राज्यसभा की आगामी रिक्त सीट भी रहा। बैठक में संभावित प्रत्याशियों के करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा की गई। पार्टी ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।



रिपोर्टों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा की तीन सदस्यीय समिति संभावित नामों को छांटकर अंतिम पैनल तैयार करेगी। इसके बाद नाम केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी के संसदीय बोर्ड के समक्ष भेजे जाएंगे।

उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। यह सीट वर्तमान राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही है।




बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर भी मंथन किया गया। पार्टी का जोर विभिन्न संगठनात्मक अभियानों को तेजी से आगे बढ़ाने पर है।
भाजपा की इस बैठक को राज्यसभा प्रत्याशी चयन के साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजर उस पैनल पर रहेगी, जिसे प्रदेश नेतृत्व की ओर से अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

