
स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को नैनीताल में आयोजित ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मां नंदा-सुनंदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा तथा यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री नैनीताल पहुंचने के बाद श्री नयना देवी मंदिर में आयोजित नंदा देवी महोत्सव में शामिल हुए।



मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ मां नंदा-सुनंदा की पूजा की। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की समृद्धि, शांति और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

नैनीताल का नंदा देवी महोत्सव कुमाऊं की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए नैनीताल पहुंच रहे हैं।



महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव में शामिल होकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और विरासत के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने मां नंदा को देवभूमि की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा बताया।



मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर और आवागमन वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
नंदा देवी महोत्सव का समापन 23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा और डोला विसर्जन के साथ प्रस्तावित है। समापन अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

