
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नंदा देवी मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा के साथ खोया-पाया मामलों में भी नैनीताल पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मेले में खरीदारी के दौरान गुम हुआ एक महिला का पर्स पुलिस ने महज आधे घंटे में बरामद कर वापस लौटा दिया।

जानकारी के अनुसार ज्योलिकोट, हल्द्वानी निवासी दीपाली बोरा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नंदा देवी मेले में खरीदारी के लिए पहुंची थीं। खरीदारी के दौरान उनका पर्स कहीं गुम हो गया।


महिला के पर्स में करीब दो हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पर्स गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

इसके बाद दीपाली बोरा मेला कंट्रोल रूम स्थित खोया-पाया केंद्र पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल संभावित स्थानों पर पर्स की तलाश शुरू कर दी।


पुलिस कर्मियों ने मेले में संबंधित क्षेत्र की दुकानों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही उन स्थानों को भी खंगाला गया, जहां खरीदारी के दौरान महिला के जाने की संभावना थी।
पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते करीब आधे घंटे के भीतर महिला का गुम हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में रखी नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी सुरक्षित मिले।



बरामद पर्स को पुलिस ने उसमें मौजूद सभी सामान के साथ दीपाली बोरा को सौंप दिया। अपना पर्स और महत्वपूर्ण दस्तावेज वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन और एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र तथा एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और खोया-पाया संबंधी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
नैनीताल पुलिस की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपने कीमती सामान और दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। किसी भी सामान के गुम होने या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल मेला कंट्रोल रूम अथवा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना देने को कहा गया है।

