नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस बनी मददगार, 86 लोगों को मिली सहायता

नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस बनी मददगार, 86 लोगों को मिली सहायता

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

ऐतिहासिक एवं धार्मिक मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सहायता और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में संचालित खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम की मदद से मेले के प्रारंभ से अब तक कुल 86 लोगों को सहायता पहुंचाई गई है।

पुलिस के अनुसार मेले में अपने परिजनों से बिछड़े 10 बुजुर्गों को सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया गया। इसके साथ ही भीड़ में अलग हुए 47 बच्चों को भी उनके माता-पिता और परिजनों तक पहुंचाया गया। परिजनों से मिलते ही बच्चों और बुजुर्गों के साथ उनके परिवारों ने भी राहत की सांस ली।

खोया-पाया केंद्र ने सामान गुम होने के मामलों में भी श्रद्धालुओं की मदद की। मेले के दौरान 29 लोगों के खोए पर्स, चाबियां, मोबाइल फोन, नगदी, बैग और अन्य सामान बरामद कर पहचान सुनिश्चित करने के बाद संबंधित लोगों को वापस सौंपे गए।

महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल मेले का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की ओर से संदिग्ध दिखाई देने वाले व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।

कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस की ओर से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की भी अपील की जा रही है।

खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम में एएसआई किरण गोस्वामी, एएसआई जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल नीलम और हेड कांस्टेबल निहाल सहित पुलिस टीम लगातार ड्यूटी पर तैनात है। टीम द्वारा बिछड़े लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने और खोई वस्तुओं को उनके वास्तविक मालिकों तक वापस पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय और दूर-दराज से आए व्यापारियों का उत्साह भी बढ़ाया। एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मेले में विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी की और व्यापारियों से संवाद किया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि महोत्सव में सुरक्षा के साथ सेवा और सहयोग की भावना को भी प्राथमिकता दी जा रही है।