
स्थान : टिहरी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य डॉ. प्रताप सिंह भंडारी ने देवप्रयाग क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान शुरू किया।

अभियान की शुरुआत डॉ. भंडारी ने देवप्रयाग संगम तट पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और भगवान रघुनाथ मंदिर में दर्शन के साथ की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।



डॉ. भंडारी ने हिंडोलाखाल, देवप्रयाग नगर क्षेत्र और रामपुर-श्यामपुर क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

जनसंपर्क के दौरान डॉ. भंडारी ने आरोप लगाया कि देवप्रयाग के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क से जुड़ी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। साथ ही तीर्थनगरी देवप्रयाग में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
डॉ. भंडारी ने दावा किया कि क्षेत्र के कई हिस्सों में लोगों को अब भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।




उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद किया जाएगा और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को संकलित किया जाएगा। इसके आधार पर विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
डॉ. भंडारी ने कहा कि वह देवप्रयाग की जनता के अधिकारों और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को विभिन्न मंचों पर उठाते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मंडी चौरास निर्मला भंडारी, सरोजनी देवी, उमा देवी, किरन देवी, रंगीता देवी, रश्मि देवी, रेखा देवी, बीना देवी, धन सिंह, प्रदीप सिंह, लक्ष्मण सिंह, कुशाल सिंह रावत, विक्रम सिंह निज्वाल, प्रमोद सिंह, प्रवीण सिंह और उत्तम सिंह नेगी सहित कई लोग मौजूद रहे।

