
स्थान : बद्रीनाथ
रिपोर्टर : विनोद पांडे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली की ओर से ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। हेलीपैड पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने मुख्यमंत्री को सलामी दी।

मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह बामणी गांव स्थित मां नंदा देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।



बामणी गांव में मुख्यमंत्री स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक चाचणी नृत्य में भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने बद्रीनाथ कथा महोत्सव में प्रतिभाग किया और स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े कार्यक्रमों का अवलोकन किया।


टूरिस्ट अराइवल प्लाजा बदरीनाथ में आयोजित महोत्सव को केंद्र सरकार के ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के अंतर्गत ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आयोजित किया गया है। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य माणा क्षेत्र को सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक विकास से जोड़ना है।


महोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों, किसानों और युवा उद्यमियों की ओर से स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से उत्तराखंड के हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और सीमांत क्षेत्र की परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

भारतीय सेना की विशेष प्रदर्शनी भी महोत्सव का आकर्षण रही। इसमें विभिन्न सैन्य उपकरणों और हथियारों को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों और युवाओं ने सेना के उपकरणों, सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों के जीवन, आपदा राहत एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।




महोत्सव में ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत सेना की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में किए जा रहे सामाजिक विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया। सेना की सीमाओं की सुरक्षा, राहत एवं बचाव तथा स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने भारतीय सेना और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सीमांत क्षेत्रों की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलने के साथ पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्थवाल, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उपाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिला महामंत्री अरुण मैठाणी, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत सहित सेना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

