कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, एडीजी ने हरिद्वार में की समीक्षा

कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, एडीजी ने हरिद्वार में की समीक्षा

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे और सीसीआर सभागार में पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में कुंभ मेला पुलिस की अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनाती से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

एडीजी ने विशेष रूप से आपातकालीन एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित इकाइयों के बीच समन्वय मजबूत रखा जाए और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा बैठक में संचार व्यवस्था और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। कुंभ के दौरान सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और अन्य तकनीकी संसाधनों के जरिए मेला क्षेत्र की निगरानी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

डॉ. वी. मुरुगेशन ने सीमावर्ती जिलों और अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में विभागों के बीच समयबद्ध और प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है।

बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रही व्यवस्थाओं, संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों और यातायात प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं का मौके पर जायजा लिया।

इसके बाद एडीजी एटीसी पहुंचे, जहां कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे पुलिस जवानों से उन्होंने संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी ली और जवानों को मेला ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

एडीजी ने अधिकारियों से कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, आपदा नियंत्रण और संचार व्यवस्था को मजबूत बनाकर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित मेला सुनिश्चित करने पर जोर दिया।