खटीमा में इंटर कॉलेज के छात्र से मारपीट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

खटीमा में इंटर कॉलेज के छात्र से मारपीट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

स्थन : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सर्कार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि झनकट क्षेत्र में इंटर कॉलेज के एक छात्र पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हमला कर दिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में नागरिक चिकित्सालय खटीमा में भर्ती कराया गया।

मामला कोतवाली खटीमा क्षेत्र के ग्राम झनकट का बताया जा रहा है। शिकायत के मुताबिक चन्देली निवासी गोविन्द सिंह इंटर कॉलेज झनकट में पढ़ता है।

परिवार की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि 10 सितंबर की शाम करीब पांच बजे गोविन्द दिघूरी रोड स्थित एक दुकान पर बाल कटवाने के लिए इंतजार कर रहा था।

आरोप है कि इसी दौरान भंगोली गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और छात्र को दुकान से बाहर बुलाया। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी गई।

शिकायत में कहा गया है कि रात में फोन करने और बुलाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवकों ने छात्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

बताया गया है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर छात्र को हमलावरों से बचाया। आरोप है कि हमलावर जाते समय छात्र को जान से मारने की धमकी भी देकर गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र की मां रेनू देवी और बहन मौके पर पहुंचीं। घायल अवस्था में उसे नागरिक चिकित्सालय खटीमा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।

पीड़ित छात्र की मां रेनू देवी ने 11 सितंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने छात्र की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है, हालांकि उसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।