‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद संतों के सानिध्य में निर्माता अनुप्रिया नागर, अगले प्रोजेक्ट के दिए संकेत

‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद संतों के सानिध्य में निर्माता अनुप्रिया नागर, अगले प्रोजेक्ट के दिए संकेत

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर इन दिनों संतों के सानिध्य में नजर आ रही हैं। हरिद्वार पहुंचने पर उन्होंने काली पीठाधीश्वर मंदिर में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

अनुप्रिया नागर ने फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शुरुआती दौर में बॉलीवुड के कुछ हलकों में फिल्म को लेकर नकारात्मक राय सामने आई थी, लेकिन दर्शकों से मिले समर्थन ने सारी आशंकाओं को पीछे छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ को मिली सफलता उनके लिए बेहद खास है। बाबा नीम करोली के जीवन और आध्यात्मिक संदेश को पर्दे पर उतारने का उद्देश्य युवाओं और आम दर्शकों तक सनातन संस्कृति का संदेश पहुंचाना था।

मीडिया से बातचीत के दौरान अनुप्रिया नागर ने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने बताया कि नई फिल्म को लेकर काम चल रहा है और आने वाले समय में इसकी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि आचार्य कैलाशानंद गिरि महाराज की आज्ञा और आशीर्वाद मिला तो उनके जीवन और आध्यात्मिक यात्रा को भी बड़े पर्दे पर उतारने का प्रयास किया जा सकता है।

वहीं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने ‘हनुमान अंश’ की सफलता को भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि सफलता को विनम्रता के साथ संभालकर रखना चाहिए, क्योंकि यही भविष्य के कार्यों के लिए प्रेरणा बनती है।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की खासियत यह है कि इसे युवा पीढ़ी ने बनाया है और युवाओं ने ही इसे खुले मन से स्वीकार भी किया है। इससे यह साबित होता है कि नई पीढ़ी अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने में रुचि रखती है।

स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि फिल्मों और अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए यदि भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को सही तरीके से प्रस्तुत किया जाए तो उसका समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

अनुप्रिया नागर की संतों से मुलाकात और अगले प्रोजेक्ट को लेकर दिए गए संकेत के बाद अब उनके आगामी काम को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद उनकी अगली फिल्म किस आध्यात्मिक या सांस्कृतिक विषय पर होगी, इस पर दर्शकों की नजर बनी हुई है।