
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


थाना पथरी क्षेत्र के पदार्था गांव के बाजार में दो महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में एक यूट्यूबर और उसके कुछ साथी महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।


बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं और आरोपी पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। महिलाओं की ओर से पूर्व में भी संबंधित यूट्यूबर के खिलाफ फेरुपुर पुलिस चौकी में शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है।



स्थानीय जानकारी के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद बाजार के बीच दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद कथित रूप से यूट्यूबर ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के साथ मारपीट की।



वायरल वीडियो में महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं पर लात-घूंसों से हमला किया गया।


मारपीट के दौरान दोनों महिलाओं के बेहोश होने की बात भी कही जा रही है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

किसी व्यक्ति द्वारा घटना का वीडियो बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है।



पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।


थाना प्रभारी के अनुसार मारपीट के संबंध में फिलहाल महिलाओं की ओर से नया शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने और वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो में सामने आए आरोपों और दोनों पक्षों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

