
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पं. गोविंद बल्लभ पंत पार्क में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि स्वतंत्रता सेनानी आनन्द सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी आनन्द सिंह बिष्ट ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है।



संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने पंत को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, दूरदर्शी राजनेता और कुशल प्रशासक बताते हुए कहा कि राष्ट्र उनके लिए सर्वोपरि था। उन्होंने पंत के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला व्यक्तित्व बताया।



उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पं. पंत भी पहाड़ के कठिन परिवेश से निकलकर अपनी शिक्षा, मेहनत और संघर्ष के बल पर उच्च पदों तक पहुंचे। उन्होंने बच्चों से शिक्षा को अपने भविष्य निर्माण का आधार बनाने और पंत के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।


आयोजन समिति के संयोजक विमल सती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि पंत की ईमानदारी, निडरता, राष्ट्र सेवा और स्वाभिमान जैसे गुण आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इन मूल्यों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



कार्यक्रम में जीजीआईसी, स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज, सिटी मांटेसरी स्कूल, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छावनी इंटर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के साथ समिति पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन दीपक पंत ने किया। इससे पहले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर में आकर्षक प्रभात फेरी निकालकर पं. पंत के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के बाद मिशन इंटर कॉलेज में अंतर विद्यालय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की दिशा बिष्ट ने प्रथम, सिटी मांटेसरी स्कूल की गार्गी रावत ने द्वितीय और विवेकानंद विद्या मंदिर की अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल के कार्तिक रावत को सांत्वना पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

