काशीपुर में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

काशीपुर में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

आईटीआई कोतवाली क्षेत्र की पैगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर-3, मढ़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही आईटीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए घटना से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

बताया जा रहा है कि मेहबिश चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की हत्या पड़ोस में रहने वाले साजिद के घर में किए जाने का आरोप है।

आरोप है कि घटना के बाद साजिद युवती के शव को उसके घर पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। उस समय मृतका के घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं, जिससे घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद से आरोपी साजिद और उसके परिवार के अन्य सदस्य भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतका के पिता फरियाद हुसैन का वर्ष 2004 में निधन हो चुका था। परिवार के लिए मेहबिश की मौत से गहरा सदमा पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि मेहबिश ने इसी वर्ष राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर से बीए फाइनल की पढ़ाई पूरी की थी। युवती की हत्या की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।