स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार


ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में 26 अगस्त को मनाए जाने वाले जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को खटीमा कोतवाली में शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई।


बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति पैदा न होने दी जाए।


वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य ने कहा कि सभी धर्मों के पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र कौमी एकता का गुलदस्ता है और यहां की सामाजिक एकता को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।


उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध अथवा विवादित गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस केवल निर्धारित रूट से ही निकाला जाएगा और निर्धारित मार्ग में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।


सीओ ने कहा कि जुलूस के दौरान धार्मिक वैमनस्यता फैलाने वाले नारों पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में लाठी-डंडे अथवा किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



पुलिस प्रशासन ने हाईवे पर किसी भी प्रकार का गेट या स्वागत द्वार नहीं बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और जाम की स्थिति पैदा होने से बचाया जा सकेगा। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में पुलिस ने जुलूस में बच्चों को नहीं लाने की अपील की। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट और संदेश प्रसारित करने से बचने को कहा गया। पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखने की बात कही।

पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।

