प्रेम प्रसंग के विरोध में बेटी ने प्रेमी संग मां की हत्या की, 28 घंटे में खुलासा

प्रेम प्रसंग के विरोध में बेटी ने प्रेमी संग मां की हत्या की, 28 घंटे में खुलासा

स्थान : मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के विरोध से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या कर दी। दोनों आरोपियों ने महिला की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी सरिता के रूप में हुई है। बताया गया कि सरिता अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करती थी। इसी बात को लेकर बेटी और उसके प्रेमी के मन में उसके प्रति नाराजगी थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने महिला को हरिद्वार घुमाने के बहाने ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 में बैठाया। इसके बाद रास्ते में दोनों ने कथित तौर पर चाकू से सरिता की गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के शव को मंगलौर गंगनहर के किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इसे ब्लाइंड मर्डर के तौर पर लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया, जिसके बाद पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।

सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि महज 28 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मृतका द्वारा बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करना सामने आया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।