स्थान : किच्छा
रिपोर्टर : राजू सहगल


उधम सिंह नगर जिले के किच्छा कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर अब दुकानों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों में बने घरों को भी निशाना बना रहे हैं। पिछले एक माह में हुई कई वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


ताजा मामला किच्छा की पॉश कॉलोनी आवास विकास का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक व्यापारी के घर को निशाना बनाकर करीब एक लाख दस हजार रुपये की नकदी और करीब दस लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।



बताया जा रहा है कि नगर के शिवम स्वीट हाउस के स्वामी अशोक मखीजा परिवार के साथ झूलेलाल पार्क में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब नौ बजे जब वह परिवार के साथ घर लौटे तो घर में चोरी होने की जानकारी मिली।

घर में घुसने के बाद चोरों ने लॉकर को निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


कोतवाल रवि सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी से चोरी हुए सामान और नुकसान की जानकारी ली और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हाथ लगी है। एक फुटेज में एक संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार होता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।




किच्छा में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अज्ञात चोर करीब एक दर्जन से अधिक व्यापारियों की दुकानों के बाहर लगे एयर कंडीशनर के आउटडोर यूनिट चोरी कर चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई है।
करीब तीन दिन पहले भी अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि तीनों दुकानों में सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम लगा होने के कारण चोर अंदर दाखिल नहीं हो सके और लाखों रुपये का माल चोरी होने से बच गया।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक कब पहुंचती है।

