राजेंद्र पुनेठा बने यूकेडी जिलाध्यक्ष, रमेश बिष्ट को महामंत्री की जिम्मेदारी; लोहाघाट से दरबान रजवार के नाम के संकेत

राजेंद्र पुनेठा बने यूकेडी जिलाध्यक्ष, रमेश बिष्ट को महामंत्री की जिम्मेदारी; लोहाघाट से दरबान रजवार के नाम के संकेत

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
बूयरो रिपोर्ट

2027 के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, उत्तराखंड की सियासत में राजनीतिक दलों ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल ने चंपावत जिले में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया है। लोहाघाट नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को जिला अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।

अधिवेशन जिला प्रभारी प्रहलाद सिंह मेहता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। पिथौरागढ़ से पर्यवेक्षक के रूप में जगत सिंह मेहता ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक महामंत्री रमेश सिंह ने किया। इस दौरान यूकेडी चंपावत के मार्गदर्शक मंडल से गिरधर अधिकारी और भुवन खर्कवाल के अलावा उत्तराखंड के संयुक्त मंत्री गणेश उप्रेती और नारायण सिंह भी मंच पर मौजूद रहे।

अधिवेशन में चंपावत जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। नई जिला कार्यकारिणी में राजेंद्र पुनेठा को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि रमेश बिष्ट को महामंत्री नियुक्त किया गया। शिवराज बोहरा, मनोज जोशी और नारायण सिंह फर्त्याल को उपाध्यक्ष तथा पूरन सिंह रावत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजेंद्र पुनेठा ने कहा कि वह पार्टी के छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर यूकेडी को मजबूत स्थिति में पहुंचाना और जीत दिलाना है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

राजेंद्र पुनेठा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस से जनता अब परेशान हो चुकी है और उत्तराखंड क्रांति दल जनता के मुद्दों को लेकर मजबूती से मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को गांव और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने के लिए जल्द ही संगठन का विस्तार किया जाएगा। यूकेडी की ओर से प्रत्येक ब्लॉक में पदाधिकारी नियुक्त करने की तैयारी है।

अधिवेशन में पर्यवेक्षक जगत सिंह मेहता ने भी संगठन के विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राजेंद्र पुनेठा के जिलाध्यक्ष बनने से चंपावत जिले में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इसी दौरान उन्होंने लोहाघाट विधानसभा सीट से दरबान सिंह रजवार के यूकेडी प्रत्याशी बनाए जाने के संकेत भी दिए। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी स्तर पर लिया जाना बाकी है।

पार्टी की ओर से अधिवेशन में कार्यवाहक अध्यक्ष के प्रस्ताव को भी पारित किया गया। आने वाले समय में चंपावत जिले में इसकी जिम्मेदारी तय किए जाने की बात कही गई। नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद यूकेडी अब जिले के सभी ब्लॉकों में सांगठनिक ढांचा मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है।

भारी बारिश के बावजूद अधिवेशन में बड़ी संख्या में यूकेडी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता भी ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने इसे चंपावत में संगठन के विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।