गोबरा गोलीकांड में गिरफ्तारी न होने पर कोतवाली गेट पर धरना, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

गोबरा गोलीकांड में गिरफ्तारी न होने पर कोतवाली गेट पर धरना, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

बाजपुर के बन्नाखेड़ा क्षेत्र के गोबरा में हुए गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित पक्ष ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पीड़ितों ने कोतवाली बाजपुर के गेट पर धरना देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि घटना को एक महीने से अधिक समय बीतने वाला है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष लगातार पुलिस से फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा था।

बताया गया कि कुछ दिनों पहले बन्नाखेड़ा क्षेत्र के गोबरा में दो गुटों के बीच फायरिंग की घटना हुई थी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया था। पुलिस ने वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू की थी।

घटना के बाद मामला उस समय और गरमा गया जब आरोपित पक्ष की ओर से कथित तौर पर पीड़ित पक्ष को लगातार धमकियां दिए जाने की बात सामने आई। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस को जानकारी देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़ित पक्ष जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली बाजपुर पहुंचा। यहां लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कोतवाली गेट पर धरना शुरू कर दिया।

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि एक महीने से अधिक समय तक आरोपी खुले घूम रहे हैं तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने इसे पुलिस की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि पीड़ित पक्ष लगातार न्याय की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से संपर्क करने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण पीड़ितों को धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।

धरने की सूचना के बाद कोतवाल नरेश चौहान ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने जल्द ही गोलीकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद पीड़ित पक्ष ने धरना समाप्त कर दिया।

जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा ने कहा कि अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पीड़ित पक्ष दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होगा। फिलहाल पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया है और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।