स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


नरेंद्रनगर में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने के लिए शिक्षण संस्थानों में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में नरेंद्रनगर के बखरियाणा क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना की 1852 फील्ड रेजीमेंट ने स्कूली बच्चों के बीच विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने की पहल की है।


1852 फील्ड रेजीमेंट के कैप्टन प्रतीक पंवार के नेतृत्व में सेना के जवान विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े विषयों पर जागरूक कर रहे हैं। सेना की इस पहल से नरेंद्रनगर स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।



इसी कड़ी में सेना के सौजन्य से नगरपालिका के रामलीला मैदान में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए देशभक्ति पर आधारित पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैप्टन प्रतीक पंवार ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की और भविष्य छात्र वर्ग पर निर्भर करता है। उन्होंने बच्चों को देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कैप्टन प्रतीक पंवार ने कहा कि देश की माटी की रक्षा के लिए सेवा का अवसर मिलना किसी भी व्यक्ति के लिए बड़े गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के लिए समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी के महत्व के बारे में भी बताया।



विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज ड्यूंडी ने सेना की इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने सेना के जवानों का आभार भी व्यक्त किया।



प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की गई। सीनियर वर्ग में राधिका गुसाईं ने प्रथम और रिया आर्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में ऋषभ पुंडीर प्रथम और संजीव कोतवाल द्वितीय रहे।
वहीं प्राथमिक वर्ग में आरभ ने प्रथम और दीपावली ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत पोस्टर और आकर्षक स्लोगन तैयार किए। उनकी रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम की भावना ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले सेना और शिक्षण संस्थानों की ओर से आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों से नरेंद्रनगर में उत्साह का माहौल है। तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस क्षेत्र में देशभक्ति और उत्साह के साथ यादगार तरीके से मनाया जाएगा।

