स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी प्वाइंट के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लोडर जीप की बॉडी में 22 वर्षीय युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतक की पहचान जौनपुर क्षेत्र के टकारना गांव निवासी 22 वर्षीय मनीष के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीष हर रोज सुबह करीब 3 बजे सामान लेने के लिए मसूरी से देहरादून जाता था।



बताया जा रहा है कि बुधवार को भी मनीष रोजाना की तरह सुबह करीब 3 बजे मसूरी से देहरादून के लिए निकला था। हालांकि, बाद में मैगी प्वाइंट के पास एक लोडर जीप की बॉडी में उसका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने जब लोडर जीप में युवक का शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। जहां चिकित्सकों द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


मामले को संदिग्ध इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि पुलिस को युवक के गले में एक पतली प्लास्टिक की रस्सी बंधी हुई मिली है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।



घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के साथ घटना से पहले क्या हुआ था और वह लोडर जीप तक कैसे पहुंचा।
स्थानीय निवासी रघुवीर ने बताया कि मनीष रोजाना सुबह करीब 3 बजे सामान लेने देहरादून जाता था और सामान लेकर वापस मसूरी आता था। उन्होंने बताया कि आज भी वह इसी तरह देहरादून के लिए निकला था, लेकिन बाद में मैगी प्वाइंट के पास उसका शव मिला।

रघुवीर ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से हर पहलू की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि मनीष किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करता था और नियमित रूप से सामान लेने के लिए देहरादून जाता था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

