

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्टर

नैनीताल पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹58,950 नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रामलीला मोहल्ला क्षेत्र में एक पुराने गोदाम में जुआ खेला जा रहा है।


सूचना के आधार पर मंगलपड़ाव चौकी और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम ने रविवार देर रात रामलीला मोहल्ला स्थित एक दुकान के दो मंजिला पुराने गोदाम में छापेमारी की। मौके पर 13 लोग ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए पाए गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल किए जा रहे ताश के पत्ते और नाल-फड़ से ₹58,950 की नकदी बरामद की। बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन प्रहार लगातार चलाया जा रहा है। जुआ, सट्टा, नशा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध जुआ, सट्टा या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

