ई-20 पेट्रोल के विरोध में AAP का राष्ट्रीय टाउनहॉल, अरविंद केजरीवाल ने उठाए सवाल

ई-20 पेट्रोल के विरोध में AAP का राष्ट्रीय टाउनहॉल, अरविंद केजरीवाल ने उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20’ का आयोजन किया। दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से हिस्सा लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम से देशभर में करीब छह लाख लोग जुड़े।

कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, व्यंग्य कलाकार श्याम रंगीला और यूट्यूबर मनीष कश्यप सहित कई लोग शामिल हुए। इस दौरान ई-20 पेट्रोल के प्रभाव और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

अरविंद केजरीवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ई-20 पेट्रोल नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों की ओर से ई-20 के प्रभाव को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ई-20 पेट्रोल को पर्याप्त अध्ययन के बिना लागू किया गया है। उनका दावा था कि इससे वाहनों के प्रदर्शन और माइलेज पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि यदि इस नीति से लोगों को नुकसान हो रहा है तो इसे लागू करने का उद्देश्य क्या है।

उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल को लेकर सरकार को स्पष्ट और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर अपनी बात जनता के सामने रखनी चाहिए। साथ ही उन्होंने इस नीति की समीक्षा करने की भी मांग की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने भी ई-20 पेट्रोल से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। आम आदमी पार्टी ने कहा कि इन सुझावों और प्रतिक्रियाओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाया जाएगा।

गौरतलब है कि ई-20 पेट्रोल को लेकर देश में अलग-अलग पक्ष अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। जहां सरकार इसे वैकल्पिक ईंधन, आयातित तेल पर निर्भरता कम करने और पर्यावरणीय लाभ से जोड़कर देखती है, वहीं विपक्ष इसके प्रभाव को लेकर सवाल उठा रहा है। ऐसे में इस विषय पर बहस और चर्चा लगातार जारी है।