

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर SDRF जवानों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आए दो युवकों को SDRF की टीम ने समय रहते रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया।


जानकारी के अनुसार, कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान कर रहे झांसी निवासी 18 वर्षीय सुधीश ठाकुर अचानक तेज धारा की चपेट में आ गए और बहने लगे। मौके पर तैनात SDRF जवानों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।



SDRF जवानों ने साहस का परिचय देते हुए गंगा में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई और उसकी हालत सामान्य बताई गई।


इसी दौरान कुछ समय बाद बागपत निवासी 28 वर्षीय राहुल भी गहरे पानी में फंस गए। युवक को डूबता देख घाट पर मौजूद SDRF टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों युवकों की जान बचाने में SDRF जवानों की तत्परता और सतर्कता अहम साबित हुई। समय पर किए गए रेस्क्यू के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार के गंगा घाटों पर SDRF और अन्य सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


SDRF ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों तथा गहरे पानी में जाने से बचें। सुरक्षा नियमों का पालन कर ही धार्मिक यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाया जा सकता है।

